Hisar: हिसार में दाखिला पोर्टल का शुभारंभ, छात्रों को मिलेगी सुविधा

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) के तहत बीएससी-बीएड और बीए-बीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक विद्यार्थी 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने गुरुवार को दाखिला पोर्टल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. योगेश चाबा, शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता प्रो. वंदना पूनिया, कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रो. विनोद छोकर, पीडीयूसीआईसी के निदेशक मुकेश अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कुलपति प्रो. बिश्नोई ने कहा कि विश्वविद्यालय का शिक्षा विभाग राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण कर राष्ट्र के भविष्य को दिशा देता है। आईटीईपी कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे शिक्षकों का निर्माण करना है जो ज्ञानवान होने के साथ-साथ संवेदनशील, नवाचारी और समाज के प्रति उत्तरदायी हों।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए ऐसे शिक्षकों की आवश्यकता है जो विद्यार्थियों को प्रेरित करें, नवाचार को बढ़ावा दें और जीवन मूल्यों का संवर्धन करें। आईटीईपी कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता प्रो. वंदना पूनिया ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एनसीईटी-2026) के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य कौशलयुक्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षक तैयार करना है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दे सकें।
दाखिले से संबंधित मेरिट सूची, काउंसलिंग तिथियों और अन्य जानकारियों के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट GJUST Official Website पर नियमित रूप से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।





