हरियाणा

Hisar: भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, हिसार में तीन आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए

Admindelhi1
5 Jun 2026 11:53 AM IST
Hisar: भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, हिसार में तीन आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए
x

हिसार: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने हिसार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पटवारियों और एक निजी व्यक्ति को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आदमपुर और हांसी क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ हिसार स्थित एसीबी थाने में मामले दर्ज किए गए हैं।

पहले मामले में एसीबी की सिरसा इकाई ने गांव सीसवाल के पटवारी महेंद्र सिंह को कृषि भूमि के इंतकाल (म्यूटेशन) की प्रक्रिया पूरी करने के बदले 1700 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पटवारी इंतकाल दर्ज करने के लिए उससे रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप लगाकर आरोपी को रिश्वत लेते समय दबोच लिया।

दूसरी कार्रवाई में एसीबी की भिवानी टीम ने हांसी क्षेत्र के पटवारी विशाल और उसके सहयोगी पवन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता ने बताया था कि प्लॉट के इंतकाल की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए पटवारी विशाल द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। जांच के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान पटवारी के कहने पर पवन ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, जिसके तुरंत बाद दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जांच आगे जारी है।

Next Story