Hisar: टायर फटने से पिकअप पलटी, दो बाइक सवारों की जान गई

हिसार: जिले के बरवाला क्षेत्र में जींद मार्ग पर गांव बधावड़ के पास रविवार को पिकअप का टायर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप की चपेट में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक आ गए। हादसे में वंश शर्मा और मोहित राजपूत की मौत हो गई, जबकि तरूण सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बधावड़ के पास एक पिकअप का अचानक टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पलट गई। इसी दौरान जींद की ओर से बरवाला आ रहे वंश शर्मा, मोहित राजपूत और तरूण सोनी मोटरसाइकिल समेत पिकअप की चपेट में आ गए और सड़क पर जा गिरे। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को उपचार के लिए बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कम उपमंडल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने वंश शर्मा और मोहित राजपूत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में तरूण सोनी को नागरिक अस्पताल हिसार रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल हिसार भेज दिया।





