Hisar: राजमिस्त्री पर जानलेवा हमला, मौके से भागकर बचाई जान

हिसार: डाटा गांव में एक राजमिस्त्री पर लाठी डंडों से हमला किए जाने का मामला प्रकाश आया है। घायल राजमिस्त्री को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल राजमिस्त्री बरवाला थाना क्षेत्र के गांव बयाना खेड़ा निवासी राजेश कुमार के बयान दर्ज कर मामले की जांच आरंभ कर दी है। राजमिस्त्री राजेश कुमार पर लाठी-डंडों से हमला किया गया और हमलावरों से बचने के लिए राजेश ने ईंट भट्ठे में छिपकर अपनी जान बचाई। नागरिक अस्पताल में मौजूद राजेश के बेटे कुलदीप ने साेमवार काे बताया कि वे गांव डाटा से अपने घर लौट रहे थे। ईंट भट्ठे के पास कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। कुलदीप के अनुसार दो युवक बाइक पर और चार लोग एक गाड़ी में सवार थे। उन्होंने बाइक को रुकवा कर आते ही उसके पिता राजेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
कुलदीप ने बताया कि उसके छोटे भाई सुखविंदर ने फरवरी में लव मैरिज की थी, जिसके बाद से लड़की पक्ष की ओर से धमकियां मिल रही थीं। कुलदीप ने आशंका जताई है कि यह हमला उसी रंजिश की वजह से किया गया है। परिजनों ने बताया कि राजेश कुमार पर इससे पहले भी हमला हो चुका है, जिसकी शिकायत बरवाला थाने में दर्ज कराई गई थी।
मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी नरेश ने बताया कि घायल राजेश कुमार के बयान दर्ज कर तस्दीक रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। जांच अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में राजेश कुमार ने हमलावरों पर 15 हजार रुपए छीनने का आरोप लगाया था लेकिन, बाद में उन्होंने कहा कि उसके रुपए घटनास्थल पर ही गिर गए थे जो बाद में उन्हें वापस मिल गए।





