हरियाणा

Hisar: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में शुरू हुए फ्रेंच और जर्मन के ए-2 कोर्स

Admindelhi1
7 July 2026 9:12 AM IST
Hisar: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में शुरू हुए फ्रेंच और जर्मन के ए-2 कोर्स
x
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में भाषा कौशल बढ़ाने की नई पहल

हिसार: गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग ने विदेशी भाषा शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए फ्रेंच और जर्मन भाषा के ए-2 स्तर के पाठ्यक्रम शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही सत्र 2026-27 से जापानी भाषा का ए-1 स्तर का पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किया गया है।

विश्वविद्यालय के अनुसार विभाग द्वारा संचालित फ्रेंच और जर्मन भाषा के ए-1 स्तर के चार-चार बैच सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं। विद्यार्थियों से मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए अब इन दोनों भाषाओं में ए-2 स्तर के पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। ए-2 स्तर का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भाषा में अधिक दक्ष बनाते हुए उच्च शिक्षा, अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्तियों, शोध तथा रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करेगा।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने सोमवार को कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना है। इसी सोच के तहत विदेशी भाषा शिक्षा को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है और नए भाषा पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि फ्रेंच, जर्मन और जापानी जैसी विदेशी भाषाओं का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, शोध तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय ने बताया कि सत्र 2026-27 से शुरू किए गए जापानी भाषा के ए-1 स्तर के पाठ्यक्रम के साथ-साथ फ्रेंच और जर्मन भाषा के ए-2 पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। फ्रेंच, जर्मन और जापानी भाषा के ए-1 स्तर के प्रत्येक पाठ्यक्रम में 60-60 सीटें, जबकि फ्रेंच और जर्मन भाषा के ए-2 स्तर के प्रत्येक पाठ्यक्रम में 30-30 सीटें निर्धारित की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकें।

Next Story