हरियाणा

Hisar: एचडीएफसी लाइफ में गुरु जम्भेश्वर के 5 छात्रों का चयन

Admindelhi1
14 Nov 2025 9:40 AM IST
Hisar: एचडीएफसी लाइफ में गुरु जम्भेश्वर के 5 छात्रों का चयन
x

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से एचडीएफसी के ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में विश्वविद्यालय के पांच एमबीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिली है।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी तथा विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। कुलपति ने गुरुवार काे कहा कि विश्वविद्यालय का उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम और आधुनिक बुनियादी ढांचा विद्यार्थियों को समकालीन कॉपोर्रेट चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करने में सहायक रहा है। उन्होंने कहा कि एचडीएफसी लाइफ जैसे प्रतिष्ठित संगठनों में लगातार प्लेसमेंट, शैक्षणिक और व्यावसायिक दोनों क्षेत्रों में गुजविप्रौवि की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों की दृढ़ता, समर्पण और पेशेवर तत्परता की सराहना की।

प्लेसमेंट प्रक्रिया के एक भाग के रूप में, एचडीएफसी लाइफ के क्षेत्रीय प्रमुख संजीव चांदना और मुख्य प्रबंधक अंकुर गढवाल ने एक प्री-प्लेसमेंट सत्र का आयोजन किया, जिसमें उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को कंपनी के संचालन, कार्य संस्कृति और करियर विकास के अवसरों के बारे में जानकारी दी।

प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में एमबीए के 18 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्लेसमेंट प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट वार्ता और उसके बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल रहे। उन्होंने गुजविप्रौवि परिसर में आकर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को प्लेसमेंट के अवसर प्रदान करने के लिए एचडीएफसी लाइफ की एचआर टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस के निदेशक प्रो. विनोद कुमार बिश्नोई और विभागीय ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट समन्वयकों के निरंतर सहयोग की भी सराहना की। सहायक निदेशक प्लेसमेंट डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि चयनित प्लेसमेंट ड्राइव में एमबीए जनरल के अनंत कुमार व शिवांशु, एमबीए-फाइनेंस की दीक्षा, एमबीए-मार्केटिंग की सिया और एमबीए-इंटरनेशनल बिजनेस की युक्ता रानी 4.7 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित हुए हैं। ड्राइव का समन्वय एमबीए-जनरल की दीक्षा ने किया।

Next Story