Hisar: हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिवार को 5 लाख रुपये की मदद

हिसार: जिले के रावलवास गांव में तेज आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने से युवक रोहित बामल की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि मृतक के परिजनों को स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड (एसडीआरएफ) से चार लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है और राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि इस हादसे में घायल हुए लोगों को भी नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, यदि प्राकृतिक आपदा के कारण पशु हानि हुई है तो उसके लिए भी मुआवजे का प्रावधान है। नियमों के अनुसार बड़े पशु की मृत्यु पर 37,500 रुपये तथा छोटी गाय या बछड़े की मृत्यु पर 20,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार देर शाम रावलवास खुर्द निवासी रोहित अपने भाई के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज बारिश और अंधड़ शुरू हो गया। बचाव के लिए वह एक बरगद के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, लेकिन अचानक पेड़ गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिला प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।





