हरियाणा

हरियाणा की महिलाओं का कमाल, बेकरी बिजनेस देखने पहुंचे नाइजीरिया के अधिकारी

Admindelhi1
20 Nov 2026 11:04 AM IST
हरियाणा की महिलाओं का कमाल, बेकरी बिजनेस देखने पहुंचे नाइजीरिया के अधिकारी
x
गुरुग्राम की ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। गुरुवार को नाइजीरिया से आए 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गांव चंदू पहुंचकर हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित क्षितिज स्वयं सहायता समूह की बेकरी इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान विदेशी अधिकारियों ने महिलाओं के कामकाज और उद्यमशीलता की प्रशंसा की।

प्रतिनिधिमंडल के गुरुग्राम पहुंचने पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित कुमार ने स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में नाइजीरिया के मानवतावादी मामलों एवं गरीबी उन्मूलन मंत्रालय के वरिष्ठ सचिव ओलुसान्या ओलुबुनमी, सरकारी नकद सहायता कार्यक्रम के राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रबंधक अलहसन अब्दुल्लाही इमाम, परियोजना वित्त प्रबंधन निदेशक लुका जोशुआ कादमी और राष्ट्रीय सामाजिक निवेश कार्यक्रम के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिदे जमीलू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

दौरे के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिनिधिमंडल को बेकरी इकाई की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं ने आटा गूंथने, बेकरी उत्पाद तैयार करने, पैकेजिंग, बिलिंग और मार्केटिंग तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।

नाइजीरियाई अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा तैयार बेकरी उत्पादों का स्वाद भी चखा। उन्होंने समूह की सदस्यों से बातचीत कर उनके अनुभवों और व्यवसाय संचालन के तरीकों की जानकारी प्राप्त की।

प्रतिनिधिमंडल ने इस बात की सराहना की कि ग्रामीण महिलाएं सामूहिक प्रयासों से अपनी आजीविका को मजबूत बनाने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। इसके अलावा वे अन्य महिलाओं के लिए रोजगार और प्रेरणा का माध्यम भी बन रही हैं।

इस अवसर पर हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों ने बताया कि दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर कौशल विकास प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के अवसर देने के साथ सफल उद्यमी बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

नाइजीरिया के प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा ग्रामीण महिलाओं के सामूहिक उद्यम, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की पहल को समझने पर केंद्रित रहा।

Next Story