हरियाणा

हरियाणा में 18 हजार स्कूल शिक्षकों की भर्ती की जाएगी जल्द

Shantanu Roy
25 Sept 2022 9:17 PM IST
हरियाणा में 18 हजार स्कूल शिक्षकों की भर्ती की जाएगी जल्द
x
बड़ी खबर
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में जल्द 18 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इसमें 11 हजार रेगुलर शिक्षक और 7 हजार शिक्षकों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से भर्ती किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा के नाते विद्यार्थियों की पूरी चिंता करती है। मुख्यमंत्री रविवार को रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्कूली शिक्षा अच्छी हो, इसके लिए हरियाणा सरकार लगातार कार्य कर रही है। 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्रों को 5 लाख टैबलेट दिए जा चुके हैं वहीं ढाई लाख टैबलेट जल्द ही विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। अब दूसरे राज्य ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लोग सरकार के इस कदम से प्रभावित हो रहे हैं।
वह भी इस तरह की योजनाएं बना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार एक अभियान की तरह स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, ड्यूअल डेस्क, स्कूलों की बिल्डिंग, स्कूलों के रास्ते और साफ शौचालय की व्यवस्था करने के लिए कार्य कर रही है। इसके लिए सरकार द्वारा प्रथम चरण में हर जिले के दो ब्लॉक का चयन करके कार्य किया जा रहा है, इनका कार्य पूरा हो जाने के बाद अन्य ब्लॉक का कार्य शुरू किया जाएगा। इसमें सबसे मुख्य बात यह है कि स्कूलों में यह कार्य वहीं की स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) द्वारा ही करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों के लिए ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी बनाई है, जिससे कोई भी शिक्षक अपनी वरिष्ठता के हिसाब से ट्रांसफर ले सकता है।
Next Story