हरयाणा: पंचायत घर से हुआ हजारों का सामान चोरी, पुलिस ने मामले में चार आरोपी को किया गिरफ्तार

फतेहाबाद क्राइम न्यूज़: चोरों ने गांव खान मोहम्मद स्थित पंचायत घर व सरकारी स्कूल में घुसकर हजारों का सामान चोरी कर लिया। इस मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना शहर फतेहाबाद के अंतर्गत आने वाली गुरूनानकपुरा पुलिस चौकी की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके पास से चोरीशुदा पंखे बरामद कर लिए हैं। पकड़े गए युवकों की पहचान गांव खान मोहम्मद निवासी राकेश, मोहन लाल, जोगेन्द्र उर्फ जोनी व सुशील कुमार उर्फ संदीप के रूप में हुई है। इस बारे खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी द्वारा फतेहाबाद पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही चार युवकों राकेश, मोहन लाल, जोगेन्द्र उर्फ जोनी व सुशील कुमार उर्फ संदीप को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अमित कुमार ने कहा है कि गत दिवस चोर गांव खान मोहम्मद के पंचायत घर में घुस गए और वहां से 8 पंखे, लोहे की जालियां, व्यायामशाला का गेट, धर्मशाला का गेट चोरी कर ले गए। इसके अलावा गांव के राजकीय प्राइमरी स्कूल से 3 पंखे व 50 पुस्तकें चोरी कर ले गए हैं। इस मामले में पुलिस ने चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।





