
Haryana हरियाणा: पटौदी की शिव कॉलोनी के लोग पिछले करीब डेढ़ वर्ष से गंभीर सीवर समस्या से जूझ रहे हैं। कॉलोनी की मुख्य सड़क पर लगातार सीवर का पानी और कीचड़ जमा रहने से हालात बेहद खराब हो गए हैं, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
पटौदी के वार्ड नंबर 12 और 13 के बीच स्थित इस मुख्य सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
कॉलोनी में मुख्य रूप से अनुसूचित जाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग रहते हैं। लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से समस्या के समाधान के लिए छोटे अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इस सड़क की स्थिति इसलिए भी गंभीर है क्योंकि यह कॉलोनी का एकमात्र मुख्य मार्ग है, जिसका उपयोग लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए करते हैं। यहां कोई स्थानीय बाजार नहीं है, इसलिए निवासियों को खरीदारी के लिए बाहर जाना पड़ता है और उसी रास्ते से गुजरना उनकी मजबूरी है।
शिव कॉलोनी, पटौदी के इस मार्ग से स्कूली बच्चे भी रोजाना स्कूल जाते हैं, लेकिन गंदे और बदबूदार सीवर के पानी से होकर गुजरना उनकी मजबूरी बन गया है। इससे स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों पर खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कई बार पैदल चलने वाले लोग फिसलकर गिर भी जाते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि उन्हें इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके। फिलहाल, क्षेत्र के लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी और निराशा बनी हुई है।





