हरियाणा
हरियाणा पुलिस के जवान ने घरेलू कलह के चलते खोया आपा, पत्नी को मारी गोली
Shantanu Roy
10 Aug 2022 4:18 PM GMT

x
बड़ी खबर
सोनीपत। जिले में एक जज के गनमैन एवं हरियाणा पुलिस के जवान ने घरेलू कलह में अपनी पत्नी को गोली मार दी। महिला की हालत गंभीर है और उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और सिपाही फरार बताया जा रहा है। बताया गया है कि हरियाणा पुलिस का सिपाही देवेंद्र अपने परिवार के साथ सोनीपत में लघु सचिवालय के पास बने सरकारी क्वार्टर में रह रहा है। वह गोहाना के जज का गनमैन है। देवेंद्र का अपनी पत्नी मोनिका के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है। पति-पत्नी में रात को किसी बात को लेकर झगडा हो गया।
यह इतना बढ़ गया कि देवेंद्र आपा खो बैठा और उसने अपनी सरकारी रिवाल्वर से पत्नी मोनिका को गोली मार दी और मौके से भाग गया। घायल मोनिका ने आरोप लगाया है कि देवेंद्र उसे काफी समय से परेशान कर रहा था। उसने कई बार इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने अपने जवान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। वह अपनी शिकायत सोनीपत के एसपी को भी दे चुकी है, लेकिन उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। अब देवेंद्र ने उसे जान से मारने के लिए गोली मारी है। मोनिका की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस उसके बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी।
Next Story