हरियाणा
हरियाणा न्यूज: अभय चौटाला ने बताया पूर्व सीएम हुड्डा को भाजपा का एजेंट, जानें क्या कहा?
Gulabi Jagat
14 July 2022 2:18 PM GMT

x
झज्जर जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि इनेलो का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और काफी संख्या में लोग इनेलो की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। निकाय चुनावों में जिस प्रकार इनेलो ने शहरी क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया और अपने वोटों के ग्राफ को बढ़ाया है, कहा कि इस बार जिला परिषद के चुनाव भी इनेलो पार्टी सिंबल पर लड़ेगी और इसके लिए पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है कि वह गांव-गांव जाकर ईमानदार व योग्य उम्मीदवारों का चयन करें और उन्हें चुनाव मैदान में उतारें।
एजेंट के रूप में कार्य करते हैं भूपेंद्र सिंह हुड्डा
इनेलो नेता ने कहा कि कांग्रेस की और से भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज भी भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य करते हैं। हुड्डा ने नगर पालिका, नगर परिषद के अंदर बिना सिंबल के चुनाव लड़ने की बात कही। यह सीधा सीधा सरकार को समर्थन था। राज्यसभा का चुनाव पर कहा कि पहले ही कहा था कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुखौटा बदलने का कार्य करेंगे। प्रदेश की जनता इस बात को जानना चाहती है कि कौन व्यक्ति था, जिसका वोट कैंसिल हुआ। उसका नाम सामने आना चाहिए और यह जिम्मेदारी भूपेंद्र सिंह हुड्डा की है कि वह बताएं। अगर वह नहीं बताते तो इसका मतलब उन्हीं ने गड़बड़ की है।
प्रदेश में बताया जंगलराज
विधायकों को मिलने वाली धमकी पर चौटाला ने कहा कि विधायकों को धमकी मिल रही है रोज अखबारों में खबरें आती हैं। अब तक सरकार ने कोई एक धमकी देने वाले के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की। अगर जंगलराज ना होकर सरकार का राज होता तो अब तक अपराधी पकड़े जाते। नशे पर कहा कि प्रदेश में जो नशे की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। पंजाब से भी आगे निकल रहे हैं। पंजाब में काबू हो रहा है। हरियाणा में बेकाबू हो रहा है। जिन लोगों के नाम बताए थे उन पर कोई एक्शन नहीं लिया गया।
मुझे सिक्योरिटी की जरूरत नहीं
कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के साथ सुरक्षा के लिए कई गाड़ियां रहती है। मगर हमारे प्रधान के पास एक भी गार्ड नहीं है उनको प्राइवेट सिक्योरिटी रखनी पड़ती है। सवाल करते हुए कहा क्या वह मरवाना चाहते हैं। कहा कि मुझे इनकी सुरक्षा की जरूरत नहीं है। मेरी सुरक्षा मुख्यमंत्री ने हटा ली थी। मेरी सुरक्षा करने वालों की कोई कमी नहीं है। इस मौके पर बादली से पूर्व विधायक नरेश शर्मा, जिलाध्यक्ष जयभगवान पहलवान, पप्पू कानोंदा, बलराज खरहर, रमेश सिलानी, राजशरण बंबोलिया, राजबीर परनाला, आशीष मेहरा, मास्टर सुखबीर सरोहा, पवन धनखड़, डॉ. रवींद्र मलिक, नरेंद्र कत्याल, महेंद्र सेन ढाकला, महेंद्र दलाल, सीमा दलाल, राज सिंह गुप्ता, राज सिंह वर्मा आदि मौजूद रहे।

Gulabi Jagat
Next Story