Haryana हरियाणा: सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की दिशा में नगर परिषद ने एक और अहम पहल शुरू की है। चेयरपर्सन सरोज राठी की पहल पर नगर परिषद के बर्तन बैंक का विस्तार किया जा रहा है, जिससे सार्वजनिक और सामाजिक आयोजनों में प्लास्टिक के उपयोग को रोका जा सके।
इस योजना के तहत नगर परिषद स्टील के 4 हजार गिलास, 1 हजार प्लेट और 1 हजार चम्मच खरीदने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। इसके लिए आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और जल्द ही खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि अक्सर धार्मिक आयोजनों, छबील, भंडारों और सामाजिक कार्यक्रमों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की प्लेट, गिलास और चम्मचों का उपयोग किया जाता है। उपयोग के बाद यह प्लास्टिक कचरे के रूप में सड़कों और नालों में पहुंच जाता है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पर दबाव बढ़ता है और पर्यावरण को भी नुकसान होता है।
उन्होंने कहा कि बर्तन बैंक के विस्तार से लोगों को स्टील के बर्तन आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे प्लास्टिक के उपयोग में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
नगर परिषद का यह कदम न केवल स्वच्छता अभियान को मजबूत करेगा बल्कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में बर्तन बैंक की क्षमता और बढ़ाने की योजना भी विचाराधीन है, ताकि अधिक से अधिक आयोजनों को इससे जोड़ा जा सके।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे प्लास्टिक कचरे की समस्या में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।





