हरियाणा

हरियाणा में क्रिकेट बैट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने की तैयारी, CDLU ने किया MOU

Admindelhi1
20 Nov 2026 5:42 PM IST
हरियाणा में क्रिकेट बैट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने की तैयारी, CDLU ने किया MOU
x
हरियाणा उदय के तहत नई पहल, यूनिवर्सिटी परिसर में तैयार होंगे क्रिकेट बैट

सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले में सामुदायिक उद्यमशीलता और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। हरियाणा सरकार के सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम 'हरियाणा उदय' के तहत चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा में क्रिकेट बैट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए विश्वविद्यालय और स्पोर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन, फिटनेस एंड लीजर स्किल्स काउंसिल (एसपीईएफएल-एससी) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

एमओयू पर सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार की उपस्थिति में मुख्यमंत्री कार्यालय की सलाहकार एवं एसपीईएफएल-एससी की प्रतिनिधि पंखुड़ी गुप्ता ने हस्ताक्षर किए।

इस समझौते का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर में खेल उपकरण निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर कौशल विकास तथा रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।

पंखुड़ी गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि प्रस्तावित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में शुरुआती चरण में उच्च गुणवत्ता वाले क्रिकेट बैट तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

भविष्य में इस इकाई का विस्तार अन्य खेल उपकरणों और उनसे जुड़ी मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों तक करने की भी संभावना है।

इस परियोजना के माध्यम से खेल उपकरण निर्माण से संबंधित कौशल विकसित करने और समुदाय आधारित उद्यमशीलता को प्रोत्साहन देने का प्रयास किया जाएगा।

पंखुड़ी गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के कम्युनिटी पुलिसिंग एवं आउटरीच के विशेष अधिकारी आईपीएस पंकज नैन की इस परियोजना में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से 'हरियाणा उदय' कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक विकास से जुड़ी इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है।

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत-2047' के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित इकाई के माध्यम से महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही खेल उपकरण निर्माण के क्षेत्र में कौशल विकास और उद्यमशीलता को बढ़ावा मिलेगा।

विश्वविद्यालय और स्किल्स काउंसिल के बीच हुए समझौते से स्थानीय स्तर पर खेल उद्योग से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं।

फिलहाल क्रिकेट बैट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। प्रस्तावित इकाई शुरू होने के बाद शुरुआती चरण में उच्च गुणवत्ता वाले क्रिकेट बैट का निर्माण किया जाएगा, जबकि भविष्य में अन्य खेल उपकरणों के उत्पादन की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।

Next Story