हरियाणा

हरयाणा सरकार पंचकूला को साइबर सिटी गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित करेगा

Admin Delhi 1
27 Sep 2022 7:29 AM GMT
हरयाणा सरकार पंचकूला को साइबर सिटी गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित करेगा
x

हरयाणा न्यूज़: हिमालय की वादियों और राजधानी चंडीगढ़ से सटे पंचकूला की तस्वीर संवारने को लेकर बड़ी पहल की गई है। पंचकूला को मैडीकल और शिक्षा का हब बनाया जाएगा। बेशुमार कारखाने लगेंगे तो 60 एकड़ में फिल्म सिटी बनाया जाएगा। सड़कों का जाल बिछाकर पंचकूला को एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। फूड एंड ड्रग टैस्टिंग लैब भी स्थापित की जाएगी। पंचकूला का मोरनी हिल्स हरियाणा का इकलौता पहाड़ी इलाका है। मोरनी हिल्स में पर्यटन की तमाम संभावनाएं हैं। अब मोरनी हिल्स में पैराग्लाइडिंग शुरू होगी, पैट्रोल पम्प बनेगा, ट्रैकिंग रुट्स शुरू किए जाएंगे और सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। पंचकूला को आधुनिक और विकसित शहर बनाने को लेकर अब पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण बनाया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की दूरदर्शी सोच से उपजी इस योजना से पंचकूला की पूरी तस्वीर ही बदल जाएगी। ऐसे में इस नई पहल से पंचकूला और मोरनी पर्यटन के नजरिए से देश के मानचित्र पर एक खास पहचान बनाएंगे।

पंचकूला हरियाणा के आधुनिक शहरों में शुमार है। 1973 में पंचकूला की स्थापना हुई। इसे हरियाणा का आधुनिक शहर भी कहा जाता है। पंचकूला को जिला बनाया गया था। पंचकूला में पंचकूला के अलावा बरवाला, पिंजौर , रायपुररानी और कालका शहर हैं। मोरनी हिल्स भी इसी जिले का हिस्सा है। तमाम तरह के संसाधन और स्थिति होते हुए भी पंचकूला अपेक्षित तरक्की नहीं कर सका है। अब इस शहर को विकसित करने का बीड़ा उठाया है मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने। पंचकूला से पहले हरियाणा में गुरुग्राम और फरीदाबाद में महानगर विकास प्राधिकरण हैं। ऐसे में पंचकूला ऐसा तीसरा जिला है जहां पर प्राधिकरण का गठन किया गया है। खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का मानना है ट्राइसिटी में मोहाली दूसरे नम्बर पर है, अब पंचकूला को आगे बढ़ाना है। पंचकूला के विकास की पहली योजना 1983 में बनाई गई थी। अब पंचकूला के विकास को लेकर हमने 2018 में नई योजना बनानी शुरू की थी। अब नई योजना के बाद तो पंचकूला हरियाणा का एक विकसित शहर बन जाएगा।

नई योजना के अंतर्गत पर्यटन के नजरिए से मोरनी हिल्स पर खास फोकस किया जाएगा। टिक्करताल से अब दो नई सड़कें बनाई जाएंगी जो रायपुर रानी में जाकर मिलेगी। मोरनी में पैराग्लाइडिंग भी इसी शुरू हो गयी है . इसके साथ ही मोरनी में 10 ट्रैकिंग रुट्स भी जल्द शुरू हो जाएंगे। यात्रियों व पर्यटकों के लिए होमस्टे पॉलिसी भी बनाई जाएगी। पंचकूला को मैडीकल और शिक्षा हब बनाने के लिए यहां पर कई कारखाने और बड़े शैक्षणिक संस्थान बनाए जाएंगे। पिछले करीब चार दशक से मोरनी में पैट्रोल पम्प बनाने की मांग भी इस योजना के तहत पूरी की जाएगी। थापली में पंचकर्मा केंद्र बनाया गया है और पंचकूला के कस्बे बरवाला में फार्मा कलस्टर स्थापित किया जाएगा। चंडीगढ़ के इर्द-गिर्द रिंग रोड बनाया जाएगा तो पिंजौर में 60 एकड़ में फिल्म सिटी बनाई जाएगी। इसके लिए निफ्ट का भवन तैयार किया जा रहा है। खास पहलू यह है कि पिंजौर में एयरपोर्ट विकसित किया जा रहा है। निश्चित रूप से इस योजना से पंचकूला की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाएंगी।

Next Story