हरियाणा के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने बिखेरा जलवा, शिक्षा मंत्री ने की सराहना

कैथल: हरियाणा के कैथल में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने नृत्य, रागनी और अभिनय के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर के 560 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक उत्सव कला, संस्कृति और संस्कारों का अनूठा संगम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उन्हें अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक बच्चे की रुचि और प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें।
शिक्षा मंत्री ने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों ने अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने हरियाणवी संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार कलाकृतियों की प्रशंसा की और पारंपरिक चूरमे का स्वाद भी चखा।
उत्सव के दूसरे दिन कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। समूह नृत्य में 273, एकल नृत्य में 50, रागनी में 32 और अभिनय में 205 विद्यार्थियों ने अपनी कला दिखाई।
कुल 560 प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक उत्सव को खास बना दिया। कार्यक्रम में हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की झलक देखने को मिली।





