हरियाणा

Haryana: ब्यूटी पार्लर दुल्हन से फरार, दूल्हा करता रह गया इंतजार पुलिस कर रही तलाश

Tara Tandi
23 April 2024 2:14 PM GMT
Haryana:  ब्यूटी पार्लर दुल्हन  से फरार, दूल्हा करता रह गया इंतजार पुलिस कर रही तलाश
x
हरियाणा : हरियाणा के यमुनानगर में शादी के लिए दूल्हे के मन में भी लड्डू फूट रहे थे। शादी की खुशी में घर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। रात को घर में डीजे भी देर रात तक बजता रहा जिसमें रिश्तेदारों के साथ दूल्हा भी खूब थिरका।
अगले दिन सिर पर सेहरा बांध और शेरवानी पहन कर दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने के लिए बरात लेकर ससुराल में पहुंचा। घंटों बीत गए लेकिन ससुराल वाले बरात का स्वागत करने ही नहीं आए। बाद में पता चला कि जिस दुल्हन को वह अपने साथ ले जाने के लिए आया था वह ब्यूटी पार्लर से ही फरार हो गई है।
दुल्हन के पिता ने थाना साढौरा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सबसे बड़ी बेटी की उम्र 23 साल है। उसकी शादी एक अन्य गांव में युवक के साथ तय हुई थी। दुल्हन अपनी छोटी बहन के साथ रिश्तेदार की कार में सवार होकर ब्यूटी पार्लर पर गई थी। इसके लिए ब्यूटी पार्लर संचालिका से पहले ही बात कर रखी थी।
दुल्हन व उसकी बहन को ब्यूटी पार्लर पर छोड़कर रिश्तेदार अपनी कार को ठीक करवाने के लिए मैकेनिक के पास चला गया। इसी दौरान करीब साढ़े 10 बजे दुल्हन बाजार में दुकान से कुछ सामान लाने की बात कह कर निकल गई।
वह कह कर गई थी थोड़ी देर में आ रही है। परंतु दुल्हन वापस नहीं लौटी। दुल्हन का मोबाइल भी बंद हो गया। उधर घर पर दुल्हन के लौटने का सब बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उधर दोपहर को दूल्हा भी बरात लेकर गांव में पहुंच गया था।
रिश्तेदार लौटा तो नहीं मिली दुल्हन
कार ठीक करवा कर रिश्तेदार ब्यूटी पार्लर पर पहुंचा। उसने ब्यूटी पार्लर की संचालिका से पूछा कि दुल्हन को तैयार होने में कितना समय लगेगा। जहां उसे बताया गया कि दुल्हन तो उसी वक्त बाजार चली गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। यह बात उसने दुल्हन के परिजनों को बताई। एक के बाद एक परिवार के सभी लोग ब्यूटी पार्लर पहुंचने लगे। बाजार में उसकी तलाश की गई लेकिन दुल्हन का कुछ पता नहीं चला। यह बात बिचौलिये को बताई गई। बिचौलिये को भी कुछ समझ नहीं आया कि वह दूल्हे को किस मुंह से बताए कि उसकी दुल्हन फरार हो गई है। इस बात का पता जब दूल्हे को चला तो यह सुनते ही हैरान रह गया। रिश्तेदारों ने भी बारात से थोड़ा इंतजार करने को कहा, आखिरकार उसे बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर दुल्हन की तलाश शुरू कर दी है।
Next Story