हरियाणा
हरियाणा: पांचवी कक्षा की बच्ची लेती है 10वीं तक की क्लास
Kajal Dubey
24 July 2022 12:02 PM GMT

x
पढ़े पूरी खबर
करनाल। कोहंड गांव से गूगल ब्वाय के रूप में विख्यात हुए कौटिल्य पंडित के बाद एक और विलक्षण प्रतिभा सामने आई है। महज नौ साल की बच्ची अपनी कुशाग्र बुद्धि से बड़ों को मात देती है। पांचवीं कक्षा की छात्रा जीविका पढ़ाई में अपनी शिक्षिकाओं को टक्कर देती है। वह दसवीं कक्षा तक के कई विषयों की कक्षा लेती है। उसका गूगल ब्वाय कौटिल्य पंडित से भी खास नाता है। वह उसी स्कूल में पढ़ती है जिसमें कौटिल्य ने पढ़ाई की थी
12वीं तक की तत्व सारिणी उसकी अंगुलियों पर है। दसवीं कक्षा तक का गणित हल कर देती है। विश्व मानचित्र में किसी भी देश को आसानी से पहचाती है और अंतरिक्ष विज्ञान के कई विषयों पर पकड़ है। वह कई प्रसिद्ध कवियों की कविताओं को कंठस्थ कर चुकी है। उसका सपना बड़े होकर आइएएस बनने का है।
नौवीं व दसवीं कक्षा के बच्चों को अनुभवी शिक्षक की तरह पढ़ाती है
जीविका ने अपनी उम्र व कक्षा को अपनी प्रतिभा के सामने बहुत ही छोटा किया हुआ है। जब बच्चे खेलने कूदने में मगन होने की उम्र में होते हैं तो पढ़ाई पर ज्यादा फोकस नहीं करते, लेकिन जीविका का शौक ही अध्यापन है। वह विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान के सवालों का जवाब छट देती हैं।
क्लास में विद्यार्थियों को पढ़ाती नौ साल की जीविका।
इसके साथ ही वह नौवीं व दसवीं कक्षा के बच्चों को एक अनुभवी शिक्षक की तरह पढ़ाती है। ब्लैक बोर्ड पर चाक उठाकर एक शिक्षक की तरह अपनी उम्र से बड़े बच्चों को समझाती है। वह गणित के एलजेब्रा, टीगनोमेट्री व ज्योमैट्री जैसे विषयों को पढ़ाती है। यदि कोई अनजान व्यक्ति उसे क्लास लेते हुए देख ले तो उसका दंग रह जाना भी स्वभाविक है।
अंतरिक्ष विज्ञान व भारतीय नदी प्रणाली पर भी पकड़
जीविका को देखकर लगता है कि वह अपनी उम्र से कहीं आगे बढ़ चुकी है। जो विषय 12वीं कक्षा के बाद भी बहुतेरे विद्यार्थी समझ नहीं पाते हैं, उन विषयों पर अभी भी से यह बच्ची महारात हासिल करने में लगी है। विश्व मानचित्र में वह पलक झपकते ही बता सकती है कि कौन सा देश कहां पर है। इसके साथ ही वह भारतीय नदियों की प्रणाली को भी विस्तार से समझा देती है। उसे अंतरिक्ष विज्ञान में विशेष है और वह बेहद रोचक अंदाज में बिग बैंग थ्योरी से अंतरिक्ष निर्माण की जानकारी देती है। वह गैलेक्सी व उनके प्रकार में भी विस्तार से समझाती है।
महज 45 सेकेंड में हल करती पीरियाडिक टेबल
जीविका को विज्ञान विषय से विशेष लगाव है। वह विज्ञान में मोशन, हार्ट, सेल, ओर्गन सिस्टम, ब्लड व साउड विषय की व्याख्या स्पष्टता के साथ करती है। वह तत्वों की आवर्त सारणी ( पीरियाडिक टेबल) महज 45 सेकंड में बोल लेती है। जीविका भारतीय इतिहास में भी काफी रुचि रखती है।
उसे मानव के क्रमिक विकास से लेकर पाषाण युग एवं सभ्यताओं के बारे में गहन जानकारी है। सोलह महाजनपदों से लेकर नंंद व मौर्य वंश, गुप्तकाल एवं सम्राट हर्षवर्धन तक सब जानकारी वह विस्तार से देती है। यह भारत के बड़े कवियों की कविताओं को उन्हीं की शैली में पाठन भी कर लेती है। वह खुद भी कविताएं लिखती है।
गूगल ब्वाय के स्कूल से है ताल्लुक
गूगल ब्वाय कौटिल्य पंडित जिस एसडी हरित माडर्न स्कूल में पढ़ता था, उसी स्कूल में जीविका पढ़ती है। उसके पिता राजेश सोनी की गांव में ही सुनार की एक छोटी सी दुकान है और मां रेखा सोनी गृहणी है। जीविका बड़ी होकर वैज्ञानिक बनना चाहती है। वह अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरु सतीश शर्मा को देती है। सतीश शर्मा ने बताया की जीविका को देहरादून के इंडियन पब्लिक स्कूल से छात्रवृत्ति पर दाखिला लेने का आफर भी मिला है।

Kajal Dubey
Next Story