हरियाणा

Haridwar: मोबाइल दुकानों को लेकर पुलिस की अहम बैठक

Admindelhi1
22 April 2026 4:20 PM IST
Haridwar: मोबाइल दुकानों को लेकर पुलिस की अहम बैठक
x

हरिद्वार: आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में कस्बा भगवानपुर क्षेत्र में मोबाइल शॉप संचालित करने वाले करीब 45 दुकानदारों के साथ कोतवाली परिसर में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।

प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मोबाइल कारोबार से जुड़े व्यापारियों को सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गोष्ठी में दिए गए प्रमुख निर्देश में बताया गया कि सभी दुकानदार अपनी दुकान में एक रजिस्टर अनिवार्य रूप से रखें, जिसमें मोबाइल खरीदने या बेचने वाले व्यक्ति का आधार कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर और पूरा पता दर्ज किया जाए।

प्रत्येक दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिनका व्यू दुकान के साथ-साथ सड़क को भी कवर करे। बिना वैध बिल के किसी भी मोबाइल का लॉक न तोड़ा जाए।पुराने मोबाइल खरीदने से पहले संचार साथी ऐप पर आईएमईआई नंबर की जांच अनिवार्य रूप से करें। यदि मोबाइल ब्लैकलिस्टेड मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा की जाए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि वे पुलिस का सहयोग कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Next Story