हरियाणा

13 से 15 अगस्त तक चलेगा 'हर घर तिरंगा' अभियान

Admin Delhi 1
8 Aug 2022 2:00 PM GMT
13 से 15 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
x

हरयाणा न्यूज़ :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में 13 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत हरियाणा तीन रंगों में रंगा नजर आएगा। इसे जन अभियान बनाने के उद्देश्य से नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से झंडा खरीद कर राष्ट्र ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस कड़ी में आज मुख्य सचिव संजीव कौशल ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में झंडा बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र से सरकारी कर्मचारी और अन्य लोग 27 रुपये में झंडा खरीद सकेंगे और अपने घरों पर तिरंगा लहरा कर इस राष्ट्रीय पर्व में अपना महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित करेंगे। सर्वप्रथम मुख्य सचिव संजीव कौशल ने स्वयं पैसे देकर झंडा खरीदने की शुरुआत की। उनके साथ ही, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने भी पैसे देकर झंडा खरीदा।

इस मौके पर कौशल ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता प्राप्ति के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में 13 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान मनाया जाएगा। हरियाणा में लगभग 60 लाख घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। हरियाणा निश्चित रूप से देश का पहला ऐसा राज्य बनेगा, जिसके हर घर, हर सरकारी कार्यालय, निजी भवनों स्कूलों और व्यवसायिक संस्थानों पर झंडा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ नागरिकों में देशभक्ति की भावना को जागृत करने की परिकल्पना के साथ शुरू किया गया हर घर तिरंगा एक अनूठा अभियान है। इसलिए हरियाणा को इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत किसी भी प्रकार से सरकारी पैसे का उपयोग नहीं किया जाएगा, लोगों को स्वेच्छा से तिरंगा खरीद कर अपने घरों पर फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा कौशल ने कहा कि नागरिकों के लिए झंडे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक संस्थाओं द्वारा दान के माध्यम से और औद्योगिक संस्थानों द्वारा सीएसआर के माध्यम से भी झंडे लिए जा रहे हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ते अनाज की दुकानों, पोस्ट ऑफिस, पंचायत घर, सामान्य सेवा केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों इत्यादि पर तिरंगे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

अतिरिक्त मुख्य सचिव पी के दास ने नए सचिवालय में झंडा बिक्री केंद्र का किया उद्घाटन: राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वित्त आयुक्त पी के दास ने भी नए सचिवालय, चंडीगढ़ में झंडा बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और स्वयं झंडा खरीदकर इस अभियान में अपना योगदान सुनिश्चित किया।उन्होंने आजादी के 75वें वर्ष में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अंतर्गत इस अनूठे अभियान में भाग लेने और दूसरों को भी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।उन्होंने गैर सरकारी संगठनों और सामाजिक संगठनों से उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा प्रत्येक नागरिक के लिए विशेष महत्व रखता है, इसलिए अधिकतम भागीदारी अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी नागरिक इस अभियान में 'राष्ट्र सबसे पहले' मंत्र के साथ अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।

भारत की आन-बान-शान तिरंगा: इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने इस अभियान की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की आन-बान-शान है। इसलिए संयुक्त प्रयासों से हमें इस अभियान को सफल बनाना है और नागरिकों में देशप्रेम की भावना का संचार करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस अभियान को सफल बनाने के लिए अथक प्रयास कर रही है और लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

Next Story