हांसी के पहलवान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाया दम, अमेरिका में कांस्य पदक

हांसी: अमेरिका के लास वेगास में आयोजित अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में हरियाणा के मिर्चपुर गांव के पहलवान चंद्र मोहन ने कांस्य पदक जीतकर देश और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। जिले की शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय कुश्ती अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाले चंद्र मोहन ने प्रतियोगिता के 79 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से मिर्चपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अकादमी के कोच अजय पहलवान ने बुधवार को बताया कि चैंपियनशिप में विभिन्न देशों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। चंद्र मोहन ने अपनी ताकत, तकनीक और कुश्ती कौशल के दम पर प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी। अमेरिकी पहलवानों को हराकर उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उनका मुकाबला ईरान के पहलवान से हुआ। बेहद करीबी मुकाबले में चंद्र मोहन को 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस हार के बाद भी उन्होंने हौसला बनाए रखा और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की।
अकादमी के कोच एवं पहलवान अजय ढांडा ने कहा कि विश्व चैंपियनशिप जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक हासिल करना चंद्र मोहन की मेहनत, लगन और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। उनकी इस सफलता से अकादमी के साथ-साथ हरियाणा और पूरे देश का गौरव बढ़ा है। यह उपलब्धि अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे अन्य युवा पहलवानों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
कोच जय भगवान राठौर ने बताया कि अकादमी पहुंचने पर चंद्र मोहन का जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अकादमी में पहलवानों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता है। इस प्रतियोगिता में अकादमी के दो पहलवानों ने अमेरिका में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। चंद्र मोहन का कांस्य पदक जीतना अकादमी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।





