हरियाणा

Hansi: जल आंदोलन को मिला नया स्वरूप, 24 गांव करेंगे धरने का संचालन

Admindelhi1
7 July 2026 11:23 AM IST
Hansi: जल आंदोलन को मिला नया स्वरूप, 24 गांव करेंगे धरने का संचालन
x
हांसी में चानौत जल आंदोलन का विस्तार, 24 गांव आए एकजुट

हांसी: बरवाला रोड स्थित गांव चानौत में भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देकर पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के 52वें दिन ग्रामीणों ने सोमवार को दोपहर में हांसी-बरवाला रोड पर टेंट लगाकर दो घंटे तक जाम लगाया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। इसी मांग को लेकर 16 मई से धरना जारी है। आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेताओं का समर्थन भी मिल चुका है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर एक बजे से तीन बजे तक हांसी-बरवाला रोड जाम कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सड़क जाम की पूर्व सूचना के मद्देनजर पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। हालांकि इस दौरान वाहन चालकों, यात्रियों और राहगीरों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। निर्धारित दो घंटे की अवधि पूरी होने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

धरना कमेटी ने आंदोलन को और व्यापक बनाने का निर्णय लेते हुए घोषणा की कि अब रोघी और बूरा खाप के 24 गांव बारी-बारी से आंदोलन का संचालन करेंगे। तय व्यवस्था के अनुसार प्रतिदिन एक गांव धरनास्थल की पूरी जिम्मेदारी संभालेगा।

धरना कमेटी ने कहा कि सरकार चाहे आंदोलन को कितना भी लंबा खींचे, ग्रामीण अपनी मांग पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को रोघी और बूरा खाप के 24 गांवों के सरपंच चानौत धरना स्थल पर बैठक करेंगे, जिसमें आंदोलन की आगामी रणनीति और जिम्मेदारियों पर चर्चा कर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।

Next Story