हरियाणा

Hansi: लगातार बिजली कटों के विरोध में ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन

Admindelhi1
30 May 2026 3:53 PM IST
Hansi: लगातार बिजली कटों के विरोध में ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन
x
गर्मी के बीच बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने उठाया बड़ा कदम

हांसी: भीषण गर्मी में लगातार 15-15 घंटे के बिजली कट से परेशान डाटा और मसूदपुर गांव के ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने मसूदपुर बिजली घर पर ताला जड़कर विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य गेट के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। गांव डाटा निवासी अमन ने बताया कि उनके गांव में पिछले करीब 15 वर्षों से लाइनमैन की नियुक्ति नहीं हुई है।

बिजली लाइन में खराबी आने पर ग्रामीणों को निजी स्तर पर पैसे खर्च कर मरम्मत करवानी पड़ती है। कई बार शिकायत के बावजूद अधिकारी कर्मचारियों की कमी का हवाला देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बीच 15-15 घंटे तक बिजली काटी जा रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।

बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। पानी की किल्लत भी बढ़ गई है। इसी के विरोध में दोनों गांवों के लोग एकजुट होकर बिजली घर पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द लाइनमैन की नियुक्ति और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन की सूचन पर बिजली निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की लेकिन उनकी ग्रामीणों के साथ सहमति नहीं बन पाई। ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर बिजली घर के बाहर डटे हुए हैं।

Next Story