हरियाणा

Hansi: चानौत के ग्रामीणों को सरकार ने दिया समाधान का भरोसा

Admindelhi1
26 Jun 2026 11:36 AM IST
Hansi: चानौत के ग्रामीणों को सरकार ने दिया समाधान का भरोसा
x

हांसी: हांसी, 25 जून। भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर पिछले 40 दिनों से धरने पर बैठे चानौत गांव के ग्रामीणों की 11 सदस्यीय समिति ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मौजूदा कानून के तहत संबंधित पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देना संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उनका जल्द ही हिसार दौरा प्रस्तावित है और इस दौरान वह चानौत गांव भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

बैठक के बाद धरना समिति के सदस्यों ने कहा कि वे गांव लौटकर आंदोलन में शामिल ग्रामीणों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद ही आंदोलन की आगामी रणनीति और अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इससे पहले शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, विधायक विनोद भयाना तथा आईजी कुलदीप सिंह के साथ भी ग्रामीणों की कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि अमृत-2 योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन से गांव को कनेक्शन देना संभव नहीं है।

सरकार ने इसके विकल्प के रूप में जल जीवन मिशन के तहत खरकड़ी हेड अथवा राजली हेड से चानौत गांव तक अलग स्वतंत्र पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव रखा है। प्रस्तावित योजना में अलग बिजली लाइन, बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था तथा 50 हॉर्स पावर की अतिरिक्त मोटर लगाने का प्रावधान भी शामिल है, ताकि गांव को निर्बाध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

Next Story