Hansi: महाराजा अरुट द्वार नामकरण विवाद में हांसी में तनाव

हांसी: दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से हांसी शहर में प्रवेश पर बनाए जा रहे प्रस्तावित ‘महाराजा अरुट द्वार’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहीद राव तुलाराम संघर्ष समिति ने निर्माण का विरोध करते हुए द्वार का नाम शहीद राजा राव तुलाराम के नाम पर रखने की मांग की है।
संघर्ष समिति और यादव सभा हिसार के प्रधान एडवोकेट चंद्रभान यादव ने कहा कि जिस क्षेत्र में यदुवंशी समाज की बहुलता है और जहां पहले से राव तुलाराम चौक स्थापित है, वहां किसी अन्य नाम से प्रवेश द्वार बनाए जाने का निर्णय समाज की भावनाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि प्रस्तावित द्वार का नाम बदलकर शहीद राजा राव तुलाराम द्वार रखा जाए।
जिला परिषद सदस्य यादवेंद्र यादव ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर विधायक विनोद भयाना से बातचीत की गई है। उनके अनुसार विधायक ने समाज की भावनाओं का सम्मान करने और मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया है, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले विधायक विनोद भयाना ने इसी स्थान पर ‘महाराजा अरुट द्वार’ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया था। इसके बाद से ही यह मामला सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
संघर्ष समिति ने घोषणा की है कि 14 जून को राव तुलाराम चौक पर सर्व समाज की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 36 बिरादरी के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
समिति ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन की राह अपनाई जा सकती है।





