
हांसी: उमरा रोड स्थित लाला हुकुमचंद जैन पार्क के पास युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शांति निकेतन कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय प्रदीप कुमार यादव के रूप में हुई है। प्रदीप अविवाहित था और वह एक कंप्यूटर सेंटर में पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदीप बुधवार शाम करीब 6 बजे घर से यह कहकर निकला था कि उसके दोस्त का फोन आया है और वह किसी काम से उसके पास जा रहा है। इसके बाद जब वह देर रात तक वापस घर नहीं लौटा। तो उसको काफी तलाश किया गया, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे प्रदीप का शव उमरा रोड़ स्थित लाला हुकुमचंद जैन पार्क की दीवार के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। पार्क के पास प्रदीप का शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। मृतक के भाई मनदीप ने बताया कि प्रदीप बुधवार शाम को घर से अपनी बाइक और मोबाइल फोन लेकर गया था, लेकिन शव के पास न तो बाइक मिली और न ही उसका मोबाइल। उन्होंने बताया कि उसका में छोटा भाई प्रदीप सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए तैयारी कर रहा था और पढ़ाई में जुटा हुआ था। लेकिन उसकी अचानक मौत से परिवार सदमे में है। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रदीप की बाइक रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर ली गई है, लेकिन उसका मोबाइल फोन अभी तक गुम है। उन्होंने बताया कि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने मामले की गहनता से जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस को प्रदीप के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच करनी चाहिए ताकि यह पता चल सके कि उसे किसका फोन आया था और घर से निकलने के बाद वह किन-किन लोगों के संपर्क में रहा। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक प्रदीप के पिता रामपाल आर्मी से रिटायर्ड थे, और उनका करीब दो वर्ष पहले निधन हो गया था। परिवार अभी तक अपने पिता की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब प्रदीप की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि दो भाइयों में छोटा प्रदीप नौकरी की तैयारी कर रहा था और पढ़ाई में जुटा हुआ था। उसकी अचानक मौत से परिवार सदमे में है।





