Hansi: एसपी ने हरी झंडी दिखाकर नए वाहनों को किया रवाना, बेड़े में 10 राइडर वाहनों की नई खेप शामिल

हांसी: जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हांसी पुलिस को 10 नए राइडर वाहन मिले हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सोमवार को जिला सचिवालय परिसर से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर एसपी विनोद कुमार ने कहा कि नए राइडर वाहनों के शामिल होने से पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और अधिक मजबूत होगी। इन वाहनों का उपयोग विशेष रूप से डायल-112 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों और आपातकालीन कॉलों पर त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राइडर वाहन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की संकरी तथा तंग गलियों तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे घटनास्थल पर कम समय में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित होगी और जरूरतमंद लोगों को शीघ्र सहायता मिल सकेगी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इन वाहनों से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि हांसी पुलिस बेहतर पुलिसिंग और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा आधुनिक संसाधनों के माध्यम से पुलिस सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा रहा है।





