Hansi: लाखों की चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई, महिला गिरफ्तार

हांसी: सेक्टर-6 स्थित मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में सीआईए-2 पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए 20 से 22 तोला सोने के आभूषण, करीब 250 ग्राम चांदी नुमा धातु और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
डीएसपी अक्षय कुमार ने बुधवार काे बताया कि 13 सितंबर को संजय कुमार के मकान का ताला तोड़कर सोना, चांदी और नकदी चोरी की गई थी। इस संबंध में थाना शहर हांसी में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें वारदात से पहले दो युवकों द्वारा मकान की रेकी करने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों ने मकान में घुसकर चोरी की।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान हांसी निवासी उषा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, महिला ने चोरी के सामान का कुछ हिस्सा अपने घर में छिपा रखा था। बाद में वह दोनों आरोपियों को अपनी स्कूटी से बस स्टेंड तक छोड़कर आई थी। बरामद आभूषणों की शिकायतकर्ता और सुनार की मौजूदगी में शिनाख्त करवाई गई। आरोपी महिला को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया। पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।





