हरियाणा

Hansi: पुलिस ने अवैध टी लगाने के आरोप में दर्ज की एफआईआर

Admindelhi1
22 Jun 2026 6:37 PM IST
Hansi: पुलिस ने अवैध टी लगाने के आरोप में दर्ज की एफआईआर
x
चानौत जल आंदोलन से जुड़ा नया विवाद सामने आ

हांसी: चानौत गांव को पेयजल आपूर्ति देने के लिए भाखड़ा नहर से हांसी शहर आने वाली पाइपलाइन पर लगाए गए टी-कनेक्शन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। एक तरफ जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पाइपलाइन में कथित अवैध कनेक्शन किए जाने की शिकायत पुलिस को दी है, वहीं दूसरी ओर टी-कनेक्शन लगाने के बाद गांव तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी शुरू हो चुका है।

धरना कमेटी के सदस्य अनूप ने विभाग के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कार्य सरकार की जानकारी और मध्यस्थता से किया गया था। उनके अनुसार सरपंच एसोसिएशन के प्रधान एवं पूर्व सरपंच सोमेश कुमार ने सरकारी स्तर पर मध्यस्थता कर टी-कनेक्शन लगाने की अनुमति दिलवाई थी। उन्होंने दावा किया कि शिकायत दर्ज कराने वाले जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उस समय मौके पर मौजूद थे।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि कनेक्शन वास्तव में अवैध था, तो टी-कनेक्शन लगाने के दौरान विभाग ने कार्य को क्यों नहीं रुकवाया। उनका यह भी कहना है कि टी लगाने के बाद गांव तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू होना इस बात का संकेत है कि यह केवल टी-कनेक्शन तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी संबंधित विभाग को थी।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने कहा कि भाखड़ा नहर से हांसी शहर को पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन में चानौत गांव के लिए टी-कनेक्शन लगाने की विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।

वहीं सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद ने बताया कि कार्यकारी अभियंता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने सरकारी पाइपलाइन से छेड़छाड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और टी-कनेक्शन लगाया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Story