हरियाणा

Hansi: पंचायत का बड़ा निर्णय, गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार पर रोक

Admindelhi1
8 Jun 2026 9:25 AM IST
Hansi: पंचायत का बड़ा निर्णय, गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार पर रोक
x
पूर्व सैनिक मामले में पंचायत का अल्टीमेटम, पहले गिरफ्तारी फिर संस्कार

हांसी: पूर्व सैनिक सुंदर पंघाल की आत्महत्या के मामले में रविवार को उनके पैतृक गांव भगाना में पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में पूर्व सरपंच, वर्तमान सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक सुसाइड नोट में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक न तो शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और न ही शव लिया जाएगा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं। पंचायत ने निर्णय लिया कि ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करेगा।

जानकारी के अनुसार, 63 वर्षीय पूर्व सैनिक सुंदर पंघाल ने शनिवार को हांसी के विकास नगर स्थित अपने आवास पर कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला, जबकि घर से आठ पृष्ठों का एक विस्तृत नोट भी बरामद हुआ है।

बताया गया है कि नोट में मृतक ने मकान मालिक और उसकी पुत्रवधू पर 4 से 5 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि सुंदर पंघाल ने उक्त राशि देने के लिए अपना होटल और अन्य संपत्तियां तक बेच दी थीं। लंबे समय तक धन वापसी के प्रयासों के बावजूद समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने यह कदम उठाया।

पंचायत के दौरान गांव के एक अन्य निवासी अनूप खान ने भी संबंधित महिला पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जमीन बेचने के नाम पर उनसे लगभग 85 लाख रुपये लिए गए थे। उन्होंने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले 49 कनाल 17 मरले जमीन का सौदा हुआ था, लेकिन न तो जमीन उनके नाम हुई और न ही उनकी राशि वापस मिली। इस मामले में वह एक वर्ष पहले अदालत का रुख भी कर चुके हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बरामद सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Next Story