Hansi: पानी का टैंकर पलटने से एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर घायल

हांसी: खेड़ी चौपटा गांव के पास रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों महिलाएं खेत से लकड़ी लेने जा रही थीं और एक पानी का टैंकर अनियंत्रित होकर उन पर पलट गया।
मृतका की पहचान सरोज (45) निवासी खेड़ी जालब के रूप में हुई है। बताया गया है कि पति के निधन के बाद वह अपने मायके में मां के साथ रह रही थीं। उनका एक बेटा है, जो रंग-रोगन का काम करता है। हादसे में घायल 40 वर्षीय संध्या का हांसी के सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना रविवार सुबह खेड़ी चौपटा से बरवाला राजकीय विद्यालय के समीप हुई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं पैदल खेतों की ओर जा रही थीं, तभी पानी से भरा टैंकर अचानक असंतुलित होकर उनके ऊपर पलट गया।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि टैंकर को एक नाबालिग चला रहा था और वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।





