
हांसी: जिले के गांव कुंभा निवासी पुलिस जवाब नरेन्द्र दलाल की ट्रेनिंग के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। नरेन्द्र पुलिस ट्रेनिंग सेंटर भौंडसी में एएसआई पद का कोर्स करने के लिए गए हुए थे और ढाई माह से यह कोर्स कर रहे थे कि शनिवार सुबह उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नरेन्द्र दलाल शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे परेड के लिए गए थे, तभी उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। मृतक के भाई राजेश दलाल ने बताया कि सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य गुरुग्राम पहुंचे। वहां नरेंद्र दलाल को मृत घोषित कर दिया गया।
नरेंद्र दलाल लगभग 24 वर्ष पहले हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और उनका एक भाई सेना से सेवानिवृत है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। नरेंद्र दलाल के निधन से गांव कुंभा में शोक की लहर है। ग्रामीणों और परिचितों ने इसे पुलिस विभाग के लिए भी एक क्षति बताया है।





