हरियाणा

Hansi: न्यायिक जगत में शोक, जज महाबीर सिंह सिंधु का निधन, पंचतत्व में विलीन हुए हाई कोर्ट के जज

Admindelhi1
29 Jun 2026 11:42 AM IST
Hansi: न्यायिक जगत में शोक, जज महाबीर सिंह सिंधु का निधन, पंचतत्व में विलीन हुए हाई कोर्ट के जज
x
जज महाबीर सिंह सिंधु को अंतिम सलामी

हांसी: पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश जस्टिस महाबीर सिंह सिंधु का रविवार सुबह गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे और लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। हाईकोर्ट प्रशासन के अनुसार उन्होंने तड़के 2 बजकर 50 मिनट पर अंतिम सांस ली।

जस्टिस सिंधु के निधन की सूचना मिलते ही न्यायिक क्षेत्र, बार काउंसिल और वकील समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार रविवार शाम उनके पैतृक गांव मसूदपुर में राजकीय सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। उनके पुत्र समृद्ध सिंधु ने चिता को मुखाग्नि दी।

अंतिम यात्रा में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीशों, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा सामाजिक व धार्मिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

गांव से हाईकोर्ट तक का सफर

जस्टिस महाबीर सिंह सिंधु का जीवन संघर्ष और उपलब्धियों से भरा रहा। उनका जन्म 4 अप्रैल 1967 को हरियाणा के हांसी क्षेत्र के मसूदपुर गांव में हुआ था। वे अपने परिवार में वकालत के क्षेत्र में आने वाले पहले व्यक्ति थे।

उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव के सरकारी हाई स्कूल से प्राप्त की और 1992 में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से एलएलबी की डिग्री हासिल की। उसी वर्ष उन्होंने बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकरण कराया और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में वकालत शुरू की।

उन्होंने दीवानी, आपराधिक और संवैधानिक मामलों में अपनी गहरी कानूनी समझ के कारण पहचान बनाई।

अंतिम यात्रा में शामिल हुए कई गणमान्य लोग

अंतिम संस्कार में पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, विधायक विनोद भयाना, उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एसडीएम राजेश खोथ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत न्यायाधीश को श्रद्धांजलि दी।

Next Story