Hansi: रिटायर्ड फौजी की मौत के मामले में जांच तेज, तीन दिन बाद अंतिम विदाई

हांसी: भगाना गांव निवासी सेवानिवृत्त सैनिक सुंदर पंघाल आत्महत्या प्रकरण में पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद सोमवार को परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि शनिवार सुबह सुंदर पंघाल का शव हांसी की विकास नगर कॉलोनी में एक मकान के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। घटनास्थल से चार पृष्ठों का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें कथित तौर पर लेन-देन के विवाद का उल्लेख किया गया है।
मृतक के पुत्र एडवोकेट मनजीत पंघाल की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने विकास नगर निवासी पूनम, उसके ससुर होशियार सिंह, सास कृष्णा तथा एक ड्राइवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले को लेकर रविवार को भगाना गांव में एक पंचायत आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पंचायत में वक्ताओं ने नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बाद में पुलिस अधिकारियों और परिजनों के बीच हुई बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर अंतिम संस्कार किया गया।
शहर थाना प्रभारी सुखजीत ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





