हरियाणा

Hansi: चानौत गांव के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का भरोसा

Admindelhi1
9 Jun 2026 11:41 AM IST
Hansi: चानौत गांव के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का भरोसा
x
हांसी में दीपेंद्र हुड्डा का वादा, चानौत के मुद्दे सदन में उठेंगे

हांसी: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चानौत गांव के ग्रामीणों की आवाज अब विधानसभा से लेकर संसद तक गूंजेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांव की जायज मांगों को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

सोमवार को चानौत गांव में पेयजल और बिजली समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर चल रहे धरने को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने ग्रामीणों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और सरकार को ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।

धरने को समर्थन देने के लिए कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़, चंद्रप्रकाश सहित अनिल मान, संतोष दहिया, राहुल मक्कड़, सुमन शर्मा, सोविन बेरवाल, विकास ढांडा, अशोक मलिक और राजेंद्र सूरा समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी पहुंचे। सभी नेताओं ने ग्रामीणों की मांगों को उचित बताते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग की।

धरना कमेटी के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि अब तक सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में हांसी शहर को जाने वाली पाइपलाइन से चानौत गांव को 8 इंच का स्थायी पेयजल कनेक्शन देना, जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करना तथा पिछले वर्ष बाढ़ से प्रभावित गांव के समग्र विकास के लिए 25 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज जारी करना शामिल है।

धरना कमेटी के पूर्व सरपंच सत्यवान दूहन और अनूप चानौत ने घोषणा की कि यदि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 9 जून से गांव के पांच ग्रामीण आमरण अनशन पर बैठेंगे।

धरना कमेटी के अनुसार, आमरण अनशन के समर्थन में विभिन्न खाप पंचायतों, किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में चानौत पहुंचेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह संघर्ष गांव के भविष्य, मूलभूत सुविधाओं और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों से जुड़ा है और इसे समाधान मिलने तक जारी रखा जाएगा।

Next Story