Hansi: ट्रक की टक्कर के बाद पेड़ से टकराई कार, आग लगने से मचा हड़कंप

हांसी: दिल्ली नेशनल हाईवे पर गीता चौक के समीप मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे ट्रक द्वारा अचानक कट मारने के कारण एक वेन्यू कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के इंजन से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया। हालांकि कार सवार दोनों युवक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार हिसार निवासी अधिवक्ता विजय अपने मित्र डॉ. दीपक के साथ पलवल से हिसार लौट रहे थे। खरड़ फ्लाईओवर पार कर गीता चौक के निकट पहुंचने पर आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने अचानक कट मार दिया। ट्रक से बचने के प्रयास में उनकी वेन्यू कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क से नीचे उतरकर एक पेड़ से जा टकराई।
हादसे के तुरंत बाद कार के इंजन में आग लग गई, जिसने कुछ ही क्षणों में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कार सवार दोनों युवक तुरंत बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे में डॉ. दीपक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम और अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंच गया। फायर ऑपरेटर राहुल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल वाहन रवाना किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।





