हरियाणा

Hansi: सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत

Admindelhi1
29 April 2026 11:37 AM IST
Hansi: सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत
x

हांसी: जिले के गांव पुट्ठी से उमरा रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम भिवानी के हालवास निवासी 35 वर्षीय कुलदीप अपनी पत्नी 32 वर्षीय रीना के साथ बाइक पर पुट्ठी से दाहिमा गांव स्थित ईंट भट्ठे पर जा रहा था, कि इसी दौरान रास्ते में तेज आंधी के चलते उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते यह हादसा हो गया।

हादसा अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुआ या अचानक आई तेज आंधी की वजह से हुआ यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए तुरंत हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने नागरिक अस्पताल पहुंच दोनों के शवों को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप, मामले की जांच आरंभ कर दी है।

सड़क हादसे में दंपति की मौत की सूचना के बाद मृतक के परिजन हांसी नागरिक अस्पताल पहुंचे। नागरिक अस्पताल में मौजूद मृतक कुलदीप के भाई प्रदीप ने मंगलवार काे बताया कि दंपति की मौत से उनके छोटे छोटे चार बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। प्रदीप ने बताया कि कुलदीप दाहिमा गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता था और वह दिन में अपनी पत्नी के साथ सामान लेने के लिए हांसी आया था। सामान लेने के बाद दोनों वापस भट्ठे पर जा रहे थे कि रास्ते में यह हादसा हो गया।

उन्होंने बताया कि उनके चार छोटे छोटे बच्चे हैं, जो गांव हालुवास में अपने दादा-दादी के पास रह रहे हैं।

Next Story