Hansi: भाखड़ा नहर परियोजना में अनियमितता पर प्रशासन का एक्शन

हांसी: उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि भाखड़ा नहर से हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही जल आपूर्ति पाइपलाइन में अवैध रूप से किया गया टी-कनेक्शन पूरी तरह गैरकानूनी था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने अवैध रूप से लगाए गए इस टी-कनेक्शन को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया है।
मंगलवार को उपायुक्त कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राहुल नरवाल ने कहा कि शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई जा रही मुख्य पाइपलाइन से किसी भी प्रकार का अवैध कनेक्शन लेना कानून का उल्लंघन है। भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चानौत गांव के नागरिकों को हर हाल में भाखड़ा नहर का स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए राजली हेड से चानौत गांव तक नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह कार्य युद्धस्तर पर जारी है और अगले लगभग तीन महीनों के भीतर गांव के प्रत्येक घर तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि सरकार ने चानौत गांव की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगभग 7.5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से गांव के जलघर का जीर्णोद्धार किया जाएगा तथा जलापूर्ति प्रणाली को आधुनिक और सुदृढ़ बनाया जाएगा, जिससे भविष्य में ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
राहुल नरवाल ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जिले के प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि चानौत गांव के लिए शुरू की गई यह परियोजना ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।





