हरियाणा

Hansi: चानौत में मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का बड़ा आंदोलन

Admindelhi1
5 Jun 2026 1:01 PM IST
Hansi: चानौत में मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का बड़ा आंदोलन
x
"हांसी में सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन"

हांसी: पेयजल और बिजली की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर चानौत गांव में चल रहा धरना गुरुवार को 20वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को और तेज करते हुए गांव के 101 पुरुष ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठ गए, जबकि इससे एक दिन पहले 51 महिलाएं भी अनशन पर बैठ चुकी थीं।

ग्रामीणों की मुख्य मांग हांसी शहर को पेयजल आपूर्ति करने वाली भाखड़ा पाइपलाइन से चानौत गांव को जोड़ने की है, ताकि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके। इसके साथ ही वे 42 साल पुराने जर्जर बिजली तारों को बदलने और गांव की बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।

धरने में सरपंच प्रतिनिधि हिमांशु, पूर्व सरपंच सत्यवान सहित कई ग्रामीण शामिल हैं। खास बात यह है कि 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग भी इस आंदोलन में भाग ले रहे हैं। कुछ ग्रामीणों पर आंदोलन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमे भी दर्ज हैं।

इस बीच, ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार शाम उपायुक्त राहुल नरवाल और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। प्रशासन की ओर से गांव में जल निकासी, सड़क मरम्मत, श्मशान घाट विकास और स्थायी बिजली व्यवस्था जैसे प्रस्ताव दिए गए, लेकिन अभी तक कोई अंतिम समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

धरना कमेटी ने साफ कहा है कि जब तक भाखड़ा पाइपलाइन से कनेक्शन और बिजली समस्या का ठोस समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Next Story