हरियाणा

Hansi: शहीद राजा राव तुलाराम संघर्ष समिति का बड़ा फैसला

Admindelhi1
29 Jun 2026 11:07 AM IST
Hansi: शहीद राजा राव तुलाराम संघर्ष समिति का बड़ा फैसला
x
प्रस्ताव अस्वीकार होने से मुद्दे पर बढ़ी चर्चा

हांसी: शहीद राजा राव तुलाराम संघर्ष समिति ने विधायक विनोद भयाना द्वारा चौक से लगभग 300 फुट की दूरी पर महाराजा अरुट द्वार बनाने के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है। समिति ने स्पष्ट किया कि यादव समाज केवल शहीद राजा राव तुलाराम चौक पर ही उनके नाम का द्वार बनाए जाने की मांग पर अडिग है।

रविवार को यादव धर्मशाला में समाज के प्रबुद्ध लोगों और संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि चौक से 300 फुट दूर महाराजा अरुट द्वार बनाने का प्रस्ताव स्वीकार्य नहीं है और निर्धारित स्थान पर शहीद राजा राव तुलाराम द्वार ही बनाया जाना चाहिए।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक द्वार निर्माण का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं और शहीद राजा राव तुलाराम के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यादव समाज लंबे समय से निर्धारित स्थान पर द्वार निर्माण की मांग करता आ रहा है और इस मांग से पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है।

संघर्ष समिति ने विधायक विनोद भयाना द्वारा भिवानी रोड पर शहीद राजा राव तुलाराम द्वार बनाने के प्रस्ताव को भी अस्वीकार कर दिया। समिति का कहना है कि समाज की मांग स्पष्ट है और इसमें किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समिति ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो शहीद राजा राव तुलाराम द्वार संघर्ष समिति, यादव समाज और 36 बिरादरी के सहयोग से आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने समिति के निर्णय का समर्थन करते हुए आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया।

Next Story