हरियाणा

Hansi: हांसी-बरवाला रोड पर बाइक और स्कूटी की टक्कर, हादसे में युवक की जान गई

Admindelhi1
18 July 2026 1:18 PM IST
Hansi: हांसी-बरवाला रोड पर बाइक और स्कूटी की टक्कर, हादसे में युवक की जान गई
x

हांसी: बरवाला रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नौकरी के इंटरव्यू के लिए जा रहे 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हांसी की इंदिरा कॉलोनी निवासी रजत के रूप में हुई है, जो राजकीय महाविद्यालय हांसी में बीए का छात्र था।

परिजनों के अनुसार, रजत शुक्रवार सुबह बाइक पर सवार होकर बरवाला में नौकरी के इंटरव्यू के लिए जा रहा था। भाटला गांव के पास एक पेट्रोल पंप के सामने उसकी बाइक की टक्कर भाटला की ओर से आ रही एक ई-स्कूटी से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर गिर गए और रजत गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने घायल रजत को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में ई-स्कूटी चालक के भी घायल होने की सूचना है।

रजत की मौत की खबर मिलते ही परिजन और इंदिरा कॉलोनी के बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। रजत अविवाहित था। उसके पिता सीताराम हांसी में बड़सी गेट के बाहर कांजी-बड़े की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

हादसे की सूचना पर भाटला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता के बयान दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।

जांच अधिकारी एएसआई बनी सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story