हरियाणा

ऋषि परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं में संस्कार निर्माण कर रहे गुरुकुलः जे पी दलाल

mukeshwari
10 Jun 2023 6:35 PM GMT
ऋषि परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं में संस्कार निर्माण कर रहे गुरुकुलः जे पी दलाल
x

सोनीपत। कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल ने समाजसेवी स्वर्गीय खजान सिंह छिक्कारा को नमन करते हुए कहा कि गुरुकुल आज भी ऋषि परंपरा को कायम रखे हुए हैं। इसमेंं खजान सिंह का विशेष योगदान रहा है। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं में संस्कारों का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी आज विशेष आवश्यकता है।

सोनीपत जिला के आर्य गुरुकुल जुआं में शनिवार को खजान सिंह छिक्कारा की 11वीं पुण्यतिथि के मौके पर स्मृति सभा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि चरित्र निर्माण से ही देश को आगे बढ़ा सकते हैं। इस प्रकार की संस्थाएं परंपराओं को संरक्षित रख रही हैं, जो अनुकरणीय है। भाजपा ऐसी पार्टी है जो राष्ट्र की सोचती है। जिसमें परिवारवाद के लिए स्थान नहीं है।

दलाल ने इस दौरान किसानों को पशुपालन के लिए भी प्रोत्साहित किया। विशेष रूप से गोपालन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि देशी गाय के सहारे किसानों की आमदनी को बढ़ाया जा सकता है। ब्राजील दौरे के दौरान उन्होंने देखा कि हमारी देशी गाय के सहारे वहां नस्ल सुधार किया गया, जिससे एक गाय से ही 30-40 लीटर दूध मिलने लगा।

इसी प्रकार अब हरियाणा में भी नस्ल सुधार की दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि दूध उत्पादन को बढ़ाया जा सके। उत्तम किस्म की नस्ल की गाय तैयार कर रहे हैं, जिससे किसानों को विशेष लाभ मिलेगा। स्मृति सभा के प्रमुख संयोजक डा. कुलबीर छिक्कारा ने कृषि मंत्री का स्वागत और आभार व्यक्त किया।

आर्ष गुरुकुल के आचार्य वेदनिष्ठ ने इस दौरान गुरुकुल के संचालन इत्यादि की संक्षिप्त जानकारी देते हुए गुरुकुलों के लिए भी सरकार द्वारा सहायता देने की व्यवस्था किये जाने की मांग की। पद्मश्री आचार्या डा. सुकामा व स्वामी आर्यवेश तथा बीपीएस महिला विश्वविद्यालय की कुलपति डा. सुदेश छिक्कारा ने इस दौरान गुरुकुलों की आवश्यकता और महत्व से अवगत करवाया। इस दौरान गुरुकुल के छात्रों ने साहसिक व्यायाम प्रदर्शन भी किया। अंत में कृषि मंत्री ने गुरुकुल के उत्कृष्ट छात्रों तथा गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story