हरियाणा

Gurugram: पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Admindelhi1
13 May 2025 4:26 PM IST
Gurugram: पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, पुलिस जांच में जुटी
x
"युवक का शव डीआरआई चौक के पास एक झुग्गी के बाहर पड़ा मिला"

गुरुग्राम: आईएमटी मानेसर क्षेत्र में युवक के सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव डीआरआई चौक के पास एक झुग्गी के बाहर पड़ा मिला है।

राहगीरों की सूचना पर आईएमटी मानेसर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। मृतक युवक की पहचान सोनीपत के पिनाना गांव निवासी 35 वर्षीय रवि कुमार के रूप में की गई। जांच में पता चला कि रवि आईएमटी मानेसर में एक निजी कंपनी में काम कर रहा था और अलियर गांव में किराये के मकान में रहता था। पुलिस की जांच में सामने आया कि रवि कुमार बीते रविवार की रात से ही लापता था। रविवार को उसकी छुट्टी थी और वह कमरे से बाहर गया हुआ था लेकिन वह वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह रवि कुमार का शव सड़क किनारे सेक्टर-8 में एक झुग्गी के बाहर पड़ा मिला। युवक के शरीर पर कई चोट के निशान भी हैं। पुलिस ने एफएसएल, सीन आॅफ क्राइम की टीमों से निरीक्षण कराया और सबूत जुटाए। जांच की तो पता चला कि रवि कुमार के सिर पर पत्थर से हमला करके उसकी हत्या की गई है।

थाना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक जिस कंपनी में नौकरी करता था और जिस स्थान पर किराये पर रहता था, वहां के लोगों से पूछताछ की जाएगी। वहीं, जिस स्थान पर शव मिला है, उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि युवक की हत्या करने वालों के बारे में जानकारी मिल सके।

Next Story