
गुरुग्राम: सीसीटीवी की जद में आने के बाद भले ही पुलिस यातायात के नियम तोडऩे वालों के धड़ाधड़ चालान काट रही हो, लेकिन कुछ ऐसे वाहन चालक भी हैं जो पुलिस के साथ-साथ सीसीटीवी की आंखों में भी धूल झोंकने का काम करते हैं। शहर में अनेकों दोपहिया वाहन चालक हैं, जो अपने वाहनों की नंबर प्लेट पर आगे-पीछे टेप लगाकर चलते हैं। इससे वे धड़ल्ले से यातायात के नियम तोडक़र निकल जाते हैं। आपको सडक़ पर चलते हुए कई दोपहिया वाहन चालक (बाइक, स्कूटी) ऐसे मिल जाएंगे, जिन्होंने चालान से बचने के लिए अपने वाहनों की नंबर प्लेट पर कारीगरी की होती है। वे अपने वाहन के आगे-पीछे की नंबर प्लेट पर एक-दो डिजिट पर टेप, पट्टी आदि लगाकर चलते हैं। यह साफ है कि वे ऐसा क्यों करके चलते हैं।
वे पूरे दिन यातायात के नियमों को तोडक़र चलते हैं। वे रेड लाइट में भी निकल जाते हैं। वे रॉन्ग साइड भी चलते हैं। उनके लिए यातायात के नियम कोई मायने नहीं रखते। यूं कह सकते हैं कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ भी नहीं रहता। अपनी मनमर्जी से वे कहीं से भी आते-जाते हैं। बेशक यातायात पुलिस की तीसरी नजर से उन पर नजर भी पड़ती हो, लेकिन शायद ही उनका कुछ बिगड़ पाता हो। चालान काटे जाते हों। क्योंकि उनके दुपहिया वाहन का नंबर ही पूरा नजर नहीं आता तो चालान किस नंबर का पुलिस काटेगी। शहर में ऐसा एकाध नहीं है, बल्कि सडक़ पर चलते, सडक़ों के किनारे, पार्किंग में खड़े अनेक वाहन ऐसे नजर आ जाते हैं तो यह कलाकारी करके रखते हैं। एक बाइकर ने तो अपनी बाइक की नंबर प्लेट की जगह ही बदल रखी है। उसने नंबर प्लेट पर बाइक का नंबर तो लिखा नहीं है, बल्कि अपना नाम-विशाल छाबड़ा लिख रखा है। इसके बाद भी ये शहर में खुलेआम घूम रहे हैं।
ई-वाहन दाेपहिया चालक भी पीछे नहीं रहतेप्रदूषण से बचने के लिए ई-वाहनों का भी चलन बढ़ रहा है। सडक़ों पर काफी ई-दाेपहिया वाहन चलते हैं। ये भी यातायात के नियमों की कोई चिंता नहीं करते। ये तो रेड लाइट जंप करने को, रॉन्ग साइड चलने को अपना फर्ज ही समझते हैं। रेड लाइट पर सब लोग खड़े होंगे, मगर ई-वाहन वाले चालक बड़ी आसानी से निकल जाएंगें। उनकी नंबर प्लेट पर कोई नंबर दिखाई नहीं देता। ज्यादातर वाहनों से तो नंबर प्लेट भी गायब मिलती है। ई-दोपहिया वाहनों में सबसे अधिक नियम डिलीवरी ब्वॉय तोड़ते हैं।
वे मौका पाते ही बड़ी आसानी से रेड लाइट भी जंप कर जाते हैं और रॉन्ग साइड भी चलते हैं। यातायात पुलिस को नंबर प्लेट छिपाने वाले और ई-वाहनों से नियम तोडऩे वालों पर सख्ती दिखानी चाहिए। ये नियम तोडक़र हादसों को भी न्यौता देते हैं। इस मामले में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार से कार्रवाई को लेकर बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।





