Gurugram: दो ट्रकों को आग ने चपेट में लिया, गुरुग्राम में लाखों का नुकसान

गुरुग्राम: गुरुग्राम में गुुरुवार काे दो अलग-अलग जगहों पर ट्रकों में भीषण आग लगने की घटनाओं ने हडक़ंप मचा दिया। गनीमत रही कि दोनों हादसों में किसी की जान नहीं गई, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में दोनों घटनाओं की वजह शॉर्ट-सर्किट मानी जा रही है।
पहली घटना नेशनल हाईवे-48 पर पंचगांव के पास हुई। एक बड़ा कंटेनर ट्रक ई-कॉमर्स कंपनी का कीमती सामान लेकर दिल्ली की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक पंचगांव के पास पहुंचा, उसके केबिन और इंजन वाले हिस्से से अचानक तेज धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। हाईवे पर तेज रफ्तार में चल रहे ट्रक के ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक को साइड में रोकने की कोशिश की और चलते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। ड्राइवर के कूदने के कुछ ही सेकंड बाद पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। आग ने देखते ही देखते पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा लाखों का सामान जल गया। हादसे के बाद नेशनल हाइवे-48 पर लंबा जाम लग गया।
दूसरी घटना मानेसर क्षेत्र में हुई। यहां सडक़ किनारे माल लोडिंग के लिए खड़ा एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। घटना के समय ड्राइवर ट्रक से बाहर था, इसलिए वह सुरक्षित बच गया। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और फायर विभाग की प्राथमिक जांच में इलेक्ट्रिकल सिस्टम में शॉर्ट-सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है। दोनों ट्रकों को क्रेन की मदद से हटाकर ट्रैफिक को सुचारू कराया गया। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।





