Gurugram: ट्रांसपोर्ट कर्मचारी ने 19.60 लाख रुपये की ठगी की

गुरुग्राम: ट्रांसपोर्ट कर्मचारी ने 19.60 लाख रुपये की ठगी कर ली है। आरोपी ने ट्रांसपोर्ट कंपनी की पेमेंट को कंपनी के अकाउंट में डालने के बजाय अपनी माता के बैंक खाते में डाल दी। ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-10 निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी दिल्ली-जयपुर ट्रांसपोर्ट कंपनी है। कंपनी का कार्यालय गुरुग्राम के सेक्टर-10 में है। कंपनी ने अमेजॉन कंपनी के साथ टाई-अप करके अपनी गाड़ियां लगा रखी हैं और उनकी पेमेंट कंपनी के अकाउंट में आती है। कंपनी ने पांच वर्ष पहले भिवानी निवासी सुमित को गाड़ियों की देखरेख और कार्यालय का काम देखने के लिए नौकरी पर रखा हुआ था। सुमित ही गाड़ियों की सभी आॅनलाइन प्रक्रिया और अकाउंट का काम देखता था। विकास ने पुलिस को बताया कि उनके विश्वास करने का फायदा उठाते हुए सुमित ने कंपनी के अकाउंट के बजाय अपनी माता के सुमन का बैंक खाता अटैच कर दिया। इसके चलते अमेजन कंपनी की 19,60,704 रुपये कंपनी के बजाय सुमित की माता सुमन के बैंक खाते में चले गए।





