Gurugram: घोषणाओं को अमल में बदलने का काम किया सरकार ने: राव नरबीर

गुरुग्राम: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला वर्ष प्रदेश के इतिहास में जनकल्याण, पारदर्शिता और तीव्र विकास की दिशा में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। पिछले एक वर्ष में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास, सुशासन और सेवा के सिद्धांतों को धरातल पर उतारते हुए हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेक्टर-44 स्थित अप्रैल हाउस में जन विश्वास-जन विकास कार्यक्रम में कही।
डीसी अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पंचकुला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया था। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने इस अवसर पर अन्य गणमान्य के साथ हरियाणा सरकार द्वारा पिछले एक वर्ष में पूर्ण की गई उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट का विमोचन भी किया। अपने संबोधन में राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा प्रदेश आने वाले वर्षों में विकसित भारत निर्माण की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने चुनावी संकल्प पत्र को केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता से किया गया पवित्र वचन माना है। इसी प्रतिबद्धता के तहत हरियाणा सरकार ने महज एक वर्ष के भीतर 217 में से 46 वादों को पूर्ण कर अंत्योदय के अपने संकल्प की दिशा में आगे कदम बढ़ाएं हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में158 वादों पर कार्य तेजी और पारदर्शिता के साथ प्रगति पर है।
राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम की अभूतपूर्व प्रगति का किया उल्लेख: कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज गुरुग्राम तकनीक, निवेश, शहरी बुनियादी ढांचे और रोजगार के अवसरों के मामले में पूरे उत्तर भारत का विकास इंजन बन चुका है। मारुति सुजुकी, सुजुकी मोटर साइकल, यूनो मिंडा और फ्लिपकार्ट जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के बड़े निवेशों ने हरियाणा को औद्योगिक क्षेत्र में विश्वस्तरीय पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि जंगल सफारी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं से गुरुग्राम को टूरिज्म हब बनाने की दिशा में भी हरियाणा सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है। राव ने औद्योगिक क्षेत्र में प्रदेश की तरक्की से अवगत कराते हुए कहा कि आईएमटी खरखौदा, सोहना और अन्य क्षेत्रों में स्थापित हो रहे मेगा प्रोजेक्ट्स द्वारा लाखों रोजगार सृजित हो रहे हैं। वहीं ग्लोबल सिटी, इलेक्ट्रॉनिक मेन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक हब जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश को लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर तथा निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। इस अवसर पर गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं नगर निगम गुरुग्राम की एडिशनल कमिश्नर अंकिता चौधरी, एडीसी वत्सल वशिष्ठ, जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार, निगम से संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, गुरुग्राम भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर के भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत यादव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।





