हरियाणा

Gurugram: पानी सप्लाई में अभी भी परेशानी, प्लांट का फायदा नहीं

Admindelhi1
20 May 2025 8:15 AM IST
Gurugram: पानी सप्लाई में अभी भी परेशानी, प्लांट का फायदा नहीं
x
"लू और 40- 41 डिग्री की गर्मी में जब पानी की ज्यादा जरूरत"

गुरुग्राम: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने चंदू बुढ़ेरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की जलशोधन क्षमता 100 एमएलडी बढ़ाई थी। इसके बाद भी शहर के लोगों को जल संकट से निजात नहीं मिल रही है। इस प्लांट से सेक्टर चार में पानी आता है। पिछले तीन दिनों से सेक्टर में पानी की आपूर्ति बहुत कम हो रही है। निवासियों की शिकायत है कि लू और 40- 41 डिग्री की गर्मी में जब पानी की ज्यादा जरूरत है। उन्हें पानी नहीं मिल रहा है।

सेक्टर 104 की सोसाइटियों, सेक्टर 57, डीएलएफ फेज टू के इलाके में भी लोगों को काफी कम पानी मिल रहा है। जीएमडीए ने शहर में 670 एमएलडी जलापूर्ति करने का दावा किया है तब यह हालत है। चंदू और बसई दोनों वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों से जुड़े इलाकों में कम पानी मिलने की समस्या निवासियों ने साझा की है। डीएलएफ फेज टू के पूर्व आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि अनिल नंदा ने बताया कि डीएलएफ फेज टू अंतिम छोर पर है, पानी का प्रेशर वहां तक पहुंचते-पहुंचते कम हो जाता है। जितनी जरूरत है, उसकी तुलना में कम पानी मिल रहा है। हर साल की तरह इस साल भी डीएलएफ फेज टू के लोग जल संकट से जूझ रहे हैं। पानी ज्यादा मिले इसके उपाय नहीं हो रहे हैं।

कागजों पर हैं छह मोटर, दो से हो रही जलापूर्ति: सेक्टर 57 में पानी कम आने की एक वजह जलापूर्ति के लिए मोटरों का रखरखाव ठीक से नहीं होना भी है। शहर के दूसरे इलाकों में भी खराब मोटरों के कारण जलापूर्ति ठीक से नहीं हो रही है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रोशन लाल यादव ने बताया कि जलापूर्ति के मोटरों की मरम्मत का ठेका किसे दिया गया है, इसकी विजिलेंस जांच होनी चाहिए। सेक्टर 57 के बूस्टिंग स्टेशन में छह मोटरें लगी हैं। जिसमें दो मोटर के कनेक्शन ही नहीं है। सेक्टर 57 पार्ट और पार्ट टू को दो मोटरों से पानी दिया जाता है। एक मोटर खराब होने पर सेक्टर में जलापूर्ति नहीं हो पाती है। मोटरों की मासिक मरम्मत का ठेका नगर निगम देता है। पिछले दो सालों से यही हालात बने हुए हैं।

Next Story