हरियाणा

Gurugram: प्रशासन की पहल से गांवों में बदले हालात

Admindelhi1
26 March 2026 11:48 AM IST
Gurugram: प्रशासन की पहल से गांवों में बदले हालात
x
"रात में ठहराव से समस्याओं का हो रहा समाधान"

गुरुग्राम: गांवों में रात्रि ठहराव कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन ने बुधवार की रात पटौदी खंड के खोड़ गांव में ठहराव किया। इस दौरान उपायुक्त अजय कुमार अधिकारियों के दल के साथ गांव में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

गांव में पहुंचने पर उपायुक्त अजय कुमार का सरपंच आजाद सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्वागत किया। इसके बाद डीसी ने विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कार्यक्रम के दौरान सरपंच आजाद सिंह ने ग्राम पंचायत की ओर से अपनी मांगें डीसी के समक्ष रखीं। डीसी अजय कुमार ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में महिलाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली: इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत तथा सामुदायिक समस्याएं डीसी अजय कुमार के समक्ष रखीं, जिनमें पेंशन, बिजली, स्वच्छता और पेयजल से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे। डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का पूर्ण लाभ मिल सके। डीसी ने बताया कि लगभग 30 व्यक्तिगत शिकायतों की सुनवाई की गई। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने कहा कि जिले का यह 15वां रात्रि ठहराव खोड़ गांव में हुआ है। प्रत्येक माह ये अलग-अलग गांवों में आयोजित होगा। रात्रि ठहराव के दौरान शिकायतों की मॉनिटरिंग की जाएगी।

डीसीपी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश: डीसीपी दीपक ने कहा कि युवा गांव के विकास में योगदान दें। युवा नशे से दूर रहें व अपने सर्वांगीण विकास पर फोकस करें। युवा खेलों से जुड़े। नशे के जो आदी हैं वह भी नशे को छोडक़र अच्छा नागरिक बन सकता है। उन्होंने कहा कि नशे के बारे में कोई भी ग्रामीण पुलिस को सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। ग्रामीणों को साइबर क्राइम को लेकर भी जागरूक किया।

Next Story